पढ़ाई की समझाइश से नाराज 11 वर्षीय बालक घर से भागा, पुलिस ने रेलवे स्टेशन से सुरक्षित किया बरामद,जिला पंचायत उपाध्यक्ष की तत्परता से टला अनहोनी, लापता बालक सुरक्षित मां के सुपुर्द
मोबाइल सर्विलांस से खुला राज, रात में लापता बालक पेंड्रा रोड स्टेशन से मिला
गौरेला पेंड्रा मरवाही

पढ़ाई को लेकर परिजनों की समझाइश से नाराज होकर घर से भागे 11 वर्षीय बालक को पेंड्रा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में सुरक्षित बरामद कर उसकी मां के सुपुर्द कर दिया। घटना ग्राम पंचायत पतंगवा की है, जहाँ कक्षा 5वीं में अध्ययनरत बालक विराट यादव (उम्र 11 वर्ष) रविवार रात घर से लापता हो गया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विराट यादव के परिजनों ने उसे पढ़ाई पर ध्यान देने की समझाइश दी थी और कहा था कि वह सुबह जल्दी उठकर पढ़ाई किया करे। इसी बात से नाराज होकर बालक रविवार रात करीब 10 बजे, जब घर के सभी लोग सो गए, तब चुपचाप घर से निकल गया। जाते समय वह अपनी मां रोशनी यादव का मोबाइल फोन भी साथ ले गया।

सोमवार सुबह जब परिजन उठे तो बालक अपने बिस्तर पर नहीं मिला। आसपास और पड़ोस में खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। सुबह करीब 9 बजे परिजनों ने जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह को फोन कर बालक के रात से गायब होने की सूचना दी। साथ ही बताया कि बालक के पास जो मोबाइल है, उस पर कॉल करने पर भी कोई जवाब नहीं मिल रहा है।

सूचना मिलते ही जिला पंचायत उपाध्यक्ष उपेंद्र बहादुर सिंह ने तत्काल पेंड्रा थाना प्रभारी राज सेंगर को मामले से अवगत कराया और बालक की मां को थाने जाने की सलाह दी। पुलिस ने बिना समय गंवाए मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर डाला, जिससे मोबाइल की लोकेशन पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन की मिली।
इसके बाद पुलिस टीम जिला पंचायत उपाध्यक्ष उपेंद्र बहादुर सिंह के साथ पेंड्रा रोड रेलवे स्टेशन पहुंची, जहाँ बालक को सुरक्षित अवस्था में बरामद कर लिया गया। सूचना मिलने पर बालक की मां भी रेलवे स्टेशन पहुंची, जिसके बाद पुलिस ने आवश्यक पूछताछ कर बालक को सुरक्षित उसकी मां के सुपुर्द कर दिया।
बालक के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस तथा जिला पंचायत उपाध्यक्ष का आभार व्यक्त किया। पुलिस ने परिजनों को बच्चों से संवाद बनाए रखने और उन्हें भावनात्मक रूप से समझने की सलाह भी दी।

