रायपुर में GATE परीक्षा में नकल की साजिश का भंडाफोड़, ब्लूटूथ डिवाइस से कराते थे चीटिंग
06 आरोपी गिरफ्तार, बाहरी साथी गूगल से जवाब भेजते थे परीक्षार्थियों को

रायपुर
राष्ट्रीय स्तर की GATE परीक्षा में नकल कराने की साजिश का रायपुर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस आयुक्तालय रायपुर की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से परीक्षार्थियों को अनुचित सहायता उपलब्ध कराकर परीक्षा में नकल कराने की योजना बना रहे थे।
विश्वसनीय सूचना मिलने पर Police Commissionerate, Raipur ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदीप पटेल, उप पुलिस आयुक्त (पश्चिम) के निर्देशन में डीडी नगर थाना और एसीसीयू रायपुर की संयुक्त टीम गठित की। टीम ने परीक्षा केंद्र (ION Digital Zone, सरोना) के आसपास गुप्त निगरानी शुरू की।
निगरानी के दौरान परीक्षा केंद्र के आसपास कुछ संदिग्ध लोग इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में दिखाई दिए। पूछताछ और तलाशी लेने पर नकल कराने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद हुए, जिसके बाद सभी संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने उन साथियों के नाम बताए जो परीक्षा केंद्र के अंदर परीक्षा दे रहे थे। परीक्षा प्रबंधन से समन्वय कर संदिग्ध परीक्षार्थियों की तलाशी ली गई, जहां से छिपाकर रखे गए माइक्रो ब्लूटूथ डिवाइस बरामद हुए। जांच में सामने आया कि परीक्षा हॉल के अंदर बैठा अभ्यर्थी ब्लूटूथ के जरिए प्रश्न बाहर बैठे साथी को पढ़कर सुनाता था, और बाहर मौजूद व्यक्ति गूगल पर उत्तर खोजकर ब्लूटूथ के माध्यम से वापस भेजता था।
आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि वे विशेष इलेक्ट्रॉनिक उपकरण उपलब्ध कराकर परीक्षार्थियों से मोटी रकम वसूलते थे। परीक्षा के दौरान बाहरी साथी प्रश्न प्राप्त कर उत्तर तैयार करता और ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए परीक्षार्थियों तक पहुंचाता था।
डीडी नगर थाना रायपुर में अपराध क्रमांक 112/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2), 61(2), आईटी एक्ट की धारा 66 तथा सार्वजनिक परीक्षाएं (अनुचित साधन निवारण) अधिनियम की धारा 10(1) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
जब्ती सामग्री में शामिल:
03 माइक्रो/छिपाने योग्य ब्लूटूथ ईयर डिवाइस
04 ब्लूटूथ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस
08 मोबाइल फोन
03 सिम कार्ड
अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण
नकल से संबंधित सामग्री
गिरफ्तार आरोपी:
दर्शन सहरावत (26), जिला झज्जर, हरियाणा
सुमित सहरावत (30), जिला झज्जर, हरियाणा
लक्ष्मीनारायण उर्फ लकी (36), जिला फतेहाबाद, हरियाणा
अमर (32), जिला फतेहाबाद, हरियाणा
नरेंद्र कुमार (29), जिला हिसार, हरियाणा
बंटी कुमार (38), जिला फतेहाबाद,

हरियाणा
पुलिस के अनुसार मामले की आगे की जांच जारी है और इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

