जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह,हर्षोल्लास और देशभक्ति के रंग में रंगा जीपीएम जिला, 77 वां गणतंत्र दिवस भव्यता से सम्पन्न
गुरुकुल खेल मैदान में फहराया तिरंगा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और झांकियों ने मोहामन
मंत्री राजेश अग्रवाल के आतिथ्य में मनाया गया 77 वां गणतंत्र दिवस, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मान

गौरेला पेंड्रा मरवाही
जिले में 77वां गणतंत्र दिवस हर्ष, उल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ भव्य रूप से मनाया गया। गुरुकुल खेल मैदान, पेण्ड्रारोड में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में जीपीएम जिले के प्रभारी एवं पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री श्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने ध्वजारोहण कर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया।

समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत वंदे मातरम के सस्वर गान के साथ हुआ। वंदे मातरम की 150वीं जयंती के अवसर पर समूचा वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। मुख्य अतिथि अग्रवाल ने कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी एवं पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के साथ परेड का निरीक्षण कर जनता का अभिवादन किया। शांति, उल्लास और शौर्य के प्रतीक के रूप में तिरंगे रंगों के गुब्बारों को आकाश में छोड़ा गया।

परेड में जिला पुलिस बल, वन विभाग, नगर सेना, एनसीसी, एनएसएस, रेडक्रास बालक-बालिका, रोवर, स्काउट एवं रेंजर्स की टुकड़ियों ने अनुशासित मार्च-पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। इस अवसर पर शहीद शिव नारायण बघेल के पुत्र कौशलेन्द्र बघेल एवं उनके परिजनों को सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक वेश-भूषा में देशभक्ति गीत-नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रमों में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय डोंगरिया को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।

गणतंत्र दिवस पर विभिन्न विभागों द्वारा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नवाचारों पर आधारित झांकियों का प्रदर्शन किया गया। झांकी प्रतियोगिता में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग प्रथम, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वितीय तथा आदिवासी विकास विभाग तृतीय स्थान पर रहा।

परेड में रेडक्रास बालिका को प्रथम, एनसीसी को द्वितीय और एनएसएस को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 53 अधिकारी-कर्मचारियों तथा उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। समारोह में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, गणमान्य नागरिक, मीडिया एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

कलेक्टर कार्यालय में गणतंत्र दिवस
कलेक्ट्रेट परिसर में फहराया गया राष्ट्रीय ध्वज, अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया संकल्प
कलेक्टर लीना मंडावी ने किया ध्वजारोहण, राष्ट्रगान-वंदे मातरम से गूंजा परिसर
गणतंत्र दिवस पर कलेक्टर कार्यालय में सादगी और गरिमा के साथ हुआ आयोजन
77 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्टर कार्यालय परिसर में सादगी एवं गरिमा के साथ समारोह आयोजित किया गया। कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। ध्वजारोहण के पश्चात सामूहिक रूप से राष्ट्रगान किया गया। वहीं अरपा सभा कक्ष में सभी अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा राष्ट्रगीत वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया गया।

कलेक्टर ने अपने संदेश में संविधान के मूल्यों, कर्तव्यों और राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका पर बल दिया। उन्होंने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों से ईमानदारी, निष्ठा और सेवा भाव से कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, संयुक्त कलेक्टर दिलेराम डाहिरे, डिप्टी कलेक्टर आकांक्ष पाण्डे, श्रीमती निकिता मरकाम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

