अपने हक के लिए कर्मचारी एकजुट रहें: चंद्रशेखर तिवारी
गौरेला में छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ का जिला स्तरीय सम्मेलन संपन्न


गौरेला पेंड्रा मरवाही


छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ 6424 का जिला स्तरीय कर्मचारी सौहार्द सम्मेलन गौरेला के होटल श्याम में गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संघ के प्रांताध्यक्ष एवं अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ नई दिल्ली के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कर्मचारियों को अपने हक के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया।

श्री तिवारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि चाहे सरकार भाजपा की हो या कांग्रेस की, जब तक कर्मचारी एकजुट होकर संघर्ष नहीं करेंगे, तब तक उन्हें उनका वाजिब अधिकार नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य बनने के बाद विभिन्न संवर्गों के कैडरवार संगठन बनने से कर्मचारियों की एकता कमजोर हुई है, जिसे फिर से मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है।



चंद्रशेखर तिवारी ने छत्तीसगढ़ सरकार से मांग की कि वह तत्काल मनोज पिंगुआ कमेटी की रिपोर्ट को लागू करे। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार द्वारा गठित इस कमेटी की रिपोर्ट आज तक सार्वजनिक नहीं की गई और नई सरकार ने निहारिका बारिक की अध्यक्षता में एक नई समिति बना दी, जो कर्मचारियों के साथ धोखा है।

सम्मेलन में तिवारी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव से पूर्व ‘मोदी की गारंटी’ के नाम पर कर्मचारियों से वादे किए गए थे, परंतु सत्ता में आने के बाद उन्हें भुला दिया गया। उन्होंने कर्मचारियों से आगामी 20 मई को आयोजित देशव्यापी हड़ताल को सफल बनाने का भी आह्वान किया।



कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन और वंदन से हुआ। स्वागत भाषण जिला अध्यक्ष विश्वास गोवर्धन ने दिया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष मोनिका जैन ने किया। कार्यक्रम का सफल संचालन अरविंद उरमालिया ने किया।

सम्मेलन में रायपुर, गरियाबंद, महासमुंद, बिलासपुर सहित विभिन्न जिलों से आये जिला अध्यक्षों का भी स्वागत किया गया। प्रमुख अतिथियों में फारूक कादिर, एम आर खान, बसंत त्रिवेदी, दिलीप तिवारी, चंद्रशेखर पांडे, रामाश्रय शर्मा आदि उपस्थित रहे।



कार्यक्रम में संगठन की सांगठनिक गतिविधियों पर चर्चा की गई तथा नवीन आजीवन सदस्यता ग्रहण करने वाले कर्मचारियों को प्रांतीय अध्यक्ष द्वारा परिचय पत्र प्रदान किए गए। जिन प्रमुख सदस्यों को परिचय पत्र प्रदान किए गए उनमें राकेश मोर्चे, सुश्री रोसा गुड़िया, सुनीता लाल, हरिसिंग आर्मो, राहुल कुमार यादव, विशाल सिंह पुलस्त, राजकुमार भारद्वाज, धर्मेंद्र पांडे, विवेकानंद उरेहा, सुशील कुमार श्रीवास्तव, श्याम कुमार शर्मा, शशि कुमार परस्ते, निशांत पटेल, शांति कशिशिया, अजय कुमार केशरवानी, अभिषेक कुमार ओझा, अंजनी कुमार दुबे, आशुतोष शर्मा प्रमुख रहे।

इसके अलावा कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कर्मचारियों का सम्मान किया गया और सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति भी दी गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में विश्वास गोवर्धन, सुदर्शन भैना, अक्षय नामदेव, सूरज चौहान, अरविंद उरमालिया, रवींद्रनाथ देव, शैलेन्द्र नामदेव, केशव राम राय, डीएस कोर्चे, प्रकाश जायसवाल, देवेंद्र शुक्ला, श्याम शर्मा, विवेकानंद उरेहा, मेघ सिंह मरकाम एवं प्रेमचंद पोत्ताम सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।

Akhilesh Namdeo

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *