एनीमिया मुक्त जीपीएम की ओर ऐतिहासिक पहल: 26 जून को 65 हजार महिलाओं की एचबी जांच कर बनाया जाएगा वर्ल्ड रिकॉर्ड — “रक्त शक्ति महाअभियान”
महिलाएं और बालिकाएं इस महाअभियान में बढ़ चढ़ कर हिस्सा ले:- कलेक्टर नीला कमलेश मंडावी

गौरेला पेंड्रा मरवाही
जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में महिला एवं बाल विकास विभाग और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयासों से एक ऐतिहासिक स्वास्थ्य अभियान की शुरुआत होने जा रही है। आगामी 26 जून 2025, गुरुवार को जिले में 13 से 45 वर्ष आयु वर्ग की लगभग 65 हजार महिलाओं का एनीमिया (एचबी) टेस्ट किया जाएगा। यह “रक्त शक्ति महाअभियान” अपने आप में एक संभावित वर्ल्ड रिकॉर्ड होगा और जिले को एनीमिया मुक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
जिले की कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने सभी नागरिकों से खासकर महिलाओं और बालिकाओं से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
उन्होंने कहा:”बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना” के अंतर्गत 26 जून को जिला प्रशासन की अभिनव पहल “रक्त शक्ति महाअभियान” का आयोजन किया जा रहा है। इस दिन 13 वर्ष से 45 वर्ष तक की सभी महिलाओं का हीमोग्लोबिन (एचबी) टेस्ट किया जाएगा।आपके ग्राम पंचायत, ग्राम स्कूल, हॉस्टल एवं स्वास्थ्य केंद्र में किया जाएगा।
महिलाओं में एनीमिया (खून की कमी) से थकान, कमजोरी, चक्कर आना, त्वचा का पीलापन, सांस लेने में तकलीफ और हृदय संबंधी समस्याएं होती हैं। गर्भवती महिलाओं में यह जटिलताओं का कारण बन सकता है। इसलिए इसे समय रहते पहचानना और इलाज करना बेहद जरूरी है।
222 एचबी जांच दल गठित किए गए हैं।
पंचायत भवनों, स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, छात्रावासों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में जांच की सुविधा उपलब्ध होगी।
महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग सहित सभी विभागों के मैदानी अमले की मदद ली जाएगी।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले की महिलाओं को स्वस्थ और सशक्त बनाना है। यदि यह महाअभियान निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करता है, तो यह न केवल एक वर्ल्ड रिकॉर्ड होगा, बल्कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि भी होगी।
जिला प्रशासन ने इस अभियान के तहत 65000 से अधिक महिलाओं का एनीमिया टेस्ट का लक्ष्य रखा है और अगर यह लक्ष्य पूरा हो जाता है तो वह अपने आप में वर्ल्ड रिकॉर्ड होगा इसलिए इस अभियान को लेकर गौरेला पेंड्रा ,मरवाही जिला संभावित वर्ल्ड रिकॉर्ड को प्राप्त कर लेगा जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि होगी।

