पेंड्रा के स्वीट इंडिया के संचालक महेंद्र गुप्ता बने छत्तीसगढ़ प्रदेश हलवाई समाज के प्रदेशाध्यक्ष


बिलासपुर में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से हुआ चयन, प्रदेश कमेटी का हुआ पुनर्गठन


अमरकंटक में धर्मशाला निर्माण की तैयारी तेज, मई में होगी राष्ट्रीय स्तर की बैठक


गौरेला पेंड्रा मरवाही


पेंड्रा के प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं समाजसेवी, स्वीट इंडिया के संचालक महेंद्र गुप्ता को छत्तीसगढ़ प्रदेश हलवाई समाज का प्रदेशाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। उनके मनोनयन से क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। वहीं बिलासपुर के राजेंद्र गुप्ता को प्रदेश महामंत्री तथा सुमित गुप्ता को प्रदेश कोषाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है।

यह निर्णय बिलासपुर स्थित होटल सेंट्रल पॉइंट इंटरनेशनल में आयोजित अखिल भारतीय वैश्य हलवाई महासभा की विशेष बैठक में लिया गया। बैठक में समाज के संगठन को मजबूत बनाने तथा प्रदेश कमेटी के पुनर्गठन पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही अमरकंटक में प्रस्तावित हलवाई समाज की धर्मशाला निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण रणनीति तय की गई।


चर्चा के दौरान यह निर्णय लिया गया कि धर्मशाला निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। इसके लिए मई 2026 के प्रथम सप्ताह में अमरकंटक में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न प्रदेशों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा। निर्माण कार्य के संचालन के लिए 16 सदस्यीय ट्रस्ट का गठन भी किया जाएगा, जिसमें मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों की प्रमुख भूमिका रहेगी।
बैठक में सर्वसम्मति से महेंद्र गुप्ता को प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं संगठन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से अन्य पदों पर भी नियुक्तियां की गईं। कार्यक्रम में देशभर से आए समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य और गणमान्य स्वजातीय बंधु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


नव नियुक्त प्रदेशाध्यक्ष महेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में समाज के संगठन को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। उनके अनुभव और सामाजिक सक्रियता से प्रदेश में हलवाई समाज के विकास कार्यों को गति मिलने की संभावना है।

Akhilesh Namdeo

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *