पेंड्रा अग्रवाल महिला मंडल की नई कार्यकारिणी गठित — संतोष महलवाला अध्यक्ष, सीमा पसारी उपाध्यक्ष

गौरेला पेंड्रा मरवाही
पेंड्रा के अग्रसेन भवन में अग्रवाल महिला मंडल का चुनाव उत्साहपूर्वक और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस चुनाव में महिला अग्रवाल समाज की सक्रिय भागीदारी रही। सर्वसम्मति से हुए चुनाव में श्रीमती संतोष महलवाला को मंडल का अध्यक्ष और श्रीमती सीमा पसारी को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।


चुनाव में अन्य पदों के लिए भी सर्वसम्मति से चयन किया गया, जिसमें सचिव पद के लिए श्रीमती नेहा पवन अग्रवाल, कोषाध्यक्ष के लिए श्रीमती नीलम गोयनका और सहसचिव के लिए श्रीमती रीता पसारी को चुना गया। नई कार्यकारिणी को संरक्षिका श्रीमती गायत्री पसारी एवं श्रीमती सत्यभामा गोयल ने अपनी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।


पूर्व अध्यक्ष श्रीमती प्रमिला महलवाला ने भी नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि यह टीम महिला मंडल के कार्यों को और अधिक सशक्त और प्रभावी बनाएगी। उन्होंने कहा कि समाज की महिलाओं की भागीदारी और सहयोग से संगठन की गतिविधियों में निरंतर प्रगति होगी।


नवनियुक्त अध्यक्ष श्रीमती संतोष महलवाला ने सभी सदस्यों के विश्वास और समर्थन के लिए आभार जताते हुए कहा कि वह पूरी टीम के साथ मिल-जुलकर समाजहित के कार्यों को प्राथमिकता देंगी। वहीं, उपाध्यक्ष श्रीमती सीमा पसारी ने कहा कि मंडल के तत्वावधान में महिला सशक्तिकरण, सामाजिक उत्थान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

चुनाव के बाद सभी सदस्यों ने मिलकर भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की और समाजहित के लिए अनेक रचनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान आपसी सौहार्द, सहयोग और एकजुटता की भावना साफ झलक रही थी।

