पर्यटन प्रबंधन विभाग के विद्यार्थियों ने मड हाउस ठाड़पथरा में किया नाइट कैंपिंग, स्थानीय जनजातीय संस्कृति से हुए रूबरू

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजाति विश्वविद्यालय, अमरकंटक के पर्यटन प्रबंधन विभाग के विद्यार्थियों ने एक शैक्षणिक भ्रमण के तहत ठाड़पथरा स्थित मड हाउस में नाइट कैंपिंग की। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यटन स्थलों के व्यवहारिक प्रबंधन एवं स्थानीय सांस्कृतिक अनुभवों से अवगत कराना था।

नाइट कैंपिंग के दौरान विद्यार्थियों ने स्थानीय पर्यटन समिति द्वारा आयोजित विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया और उन्हें नजदीक से समझा। इनमें जनजातीय नृत्य, स्थानीय पारंपरिक व्यंजन (ट्राइबल फूड) का स्वाद चखना, और ट्रेकिंग जैसे रोमांचकारी अनुभव शामिल रहे। विद्यार्थियों ने न केवल इन गतिविधियों का आनंद लिया, बल्कि उन्होंने स्थानीय संस्कृति, रीति-रिवाजों और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में चल रही पहलों की भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

इस शैक्षणिक यात्रा में पर्यटन प्रबंधन विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. प्रशांत कुमार सिंह, प्रो. डॉ. जयप्रकाश नारायण एवं प्रो. डॉ. रोहित रविंद्र बोर्लिकर भी विद्यार्थियों के साथ मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यटन स्थलों के सतत विकास, सामुदायिक भागीदारी और सांस्कृतिक संरक्षण पर मार्गदर्शन दिया।

शिक्षकों ने बताया कि ऐसे क्षेत्रीय पर्यटन स्थलों का अध्ययन विद्यार्थियों के लिए व्यावहारिक ज्ञान को मजबूत करने और भविष्य में पर्यटन योजनाओं के निर्माण में सहायक होता है। विश्वविद्यालय द्वारा समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को स्थानीयता से जोड़ने और अनुभव आधारित शिक्षा देने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

स्थानीय पर्यटन समिति ने भी विद्यार्थियों के इस दौरे का स्वागत करते हुए उन्हें जनजातीय पर्यटन के क्षेत्र में उभरते अवसरों से अवगत कराया।

