गौरेला नगर पालिका के नवनिर्वाचित अध्यक्ष व पार्षदों का शपथ ग्रहण आज,मुख्य अतिथि होंगे केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, कई गणमान्य रहेंगे मौजूद

गौरेला पेंड्रा मरवाही
नगर पालिका परिषद गौरेला के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मुकेश दुबे एवं 15 पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आज 9 मार्च, रविवार को गौरेला के टेंपल ट्री होटल में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में कई गणमान्य हस्तियां शिरकत करेंगी।

शपथ ग्रहण समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री (आवासन एवं शहरी कार्य) तोखन साहू होंगे, जबकि स्वास्थ्य मंत्री व जिले के प्रभारी श्याम बिहारी जायसवाल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
इसके अलावा, बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, मरवाही विधायक प्रणव मरपच्ची, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव और भाजपा जिला प्रभारी जेपी शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

मुकेश दुबे ने रचा इतिहास
गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी मुकेश दुबे ने गौरेला नगर पालिका चुनाव में रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज कर अपनी सशक्त नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया। अब, शपथ ग्रहण के साथ वे आधिकारिक रूप से नगर पालिका अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालेंगे।
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में नगरवासियों, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रहने की संभावना है।

