सुशासन तिहार के तीसरे चरण की शुरुआत 5 मई से, जिले में लगेंगे 15 समाधान शिविर: कलेक्टर मंडावी ने दी जानकारी

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित सुशासन तिहार 2025 के तीसरे और अंतिम चरण की शुरुआत 5 मई से होने जा रही है। इस संबंध में कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने रविवार को कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में प्रेस वार्ता आयोजित कर विस्तार से जानकारी दी।
कलेक्टर ने बताया कि 52,068 प्राप्त आवेदनों में से अब तक 44,000 से अधिक का निराकरण कर पोर्टल में दर्ज किया जा चुका है। शेष आवेदनों के समाधान के लिए 5 मई से 31 मई तक जिले में 15 समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें 13 शिविर ग्राम पंचायतों और 2 नगरीय क्षेत्रों में होंगे। पहला शिविर 5 मई को ग्राम पंचायत बस्ती कलस्टर में आयोजित होगा, जिसमें कुल 7 पंचायतें शामिल हैं।

कलेक्टर मंडावी ने बताया कि शिविरों में नागरिकों को उनके आवेदन की स्थिति की जानकारी दी जाएगी और राशन कार्ड, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि से जुड़ी योजनाओं पर त्वरित कार्यवाही की जाएगी।
श्रीमती लीना कमलेश मंडावी कलेक्टर जी पी एम
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री, प्रभारी मंत्रीगण और अन्य जनप्रतिनिधि भी शिविरों में उपस्थित रहेंगे तथा विकास कार्यों का निरीक्षण कर आमजन से सीधा संवाद करेंगे।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक एस.आर. भगत, अपर कलेक्टर श्रीमती नम्रता आनंद डोंगरे, एडीएम ऋचा चंद्राकर, एसडीएम मरवाही प्रफुल्ल रजक समेत जिले के मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने अंत में मीडिया से अपील की कि वे शिविरों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं ताकि शासन की मंशानुरूप अंतिम व्यक्ति को लाभ मिल सके

