धान संग्रहण केंद्रों के निरीक्षण में सामने आईं व्यवस्थागत कमियां, समय रहते सुधार की कांग्रेस ने की मांग
किसानों को न हो परेशानी, व्यवस्थाओं में सुधार की मांग

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गजमती भानू के नेतृत्व में शनिवार को जिले के विभिन्न धान संग्रहण केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान केंद्रों में धान खरीदी की स्थिति, शेष धान की मात्रा, भंडारण व्यवस्था तथा किसानों के लिए उपलब्ध आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया गया।
कांग्रेस के निरीक्षण दल ने गोरेला, टीकरकला, लालपुर, मेड़ुका, लरकेनी एवं सिवनी स्थित धान संग्रहण केंद्रों का दौरा किया। इस दौरान केंद्रों में उपलब्ध धान, भंडारण की स्थिति तथा अन्य व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया गया। निरीक्षण दल ने केंद्रों में मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों से चर्चा कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा सामने आई कमियों को भी नोट किया।
निरीक्षण के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि धान खरीदी और संग्रहण की प्रक्रिया में किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। केंद्रों में पर्याप्त एवं व्यवस्थित भंडारण, सुरक्षा तथा अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। समय रहते व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किए जाने पर आगामी दिनों में किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा कि निरीक्षण के दौरान सामने आई व्यवस्थागत कमियों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा और उनका शीघ्र निराकरण कराने की मांग की जाएगी। कांग्रेस ने प्रशासन से धान संग्रहण केंद्रों की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने तथा आवश्यक सुधार समय रहते सुनिश्चित करने की मांग की है।

निरीक्षण में कांग्रेस के पदाधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण दल में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गजमती भानू, छाया विधायक गुलाब सिंह राज, जिला उपाध्यक्ष मुद्रिका सर्राटी, जिला कोषाध्यक्ष पंकज तिवारी, जिला कार्यसमिति सदस्य चन्द्रभान मलैया, जिला महामंत्री राकेश मसीह, आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष बेचू सिंह अहिरेश, जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष अवधेश गुर्जर सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

