गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, थाना प्रभारियों समेत 7 अधिकारियों के बदले गए पद और प्रभारी
पुलिस अधीक्षक एस आर भगत ने अपनी पदस्थापना के एक माह बाद किया व्यापक फेरबदल

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही
जिले में पुलिस अधीक्षक एस आर भगत के निर्देश पर कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में व्यापक स्तर पर फेरबदल किया गया है। जारी आदेश के अनुसार जिले के 7 पुलिस अधिकारियों को प्रशासनिक दृष्टिकोण से अस्थाई रूप से उनके नवीन पदस्थापना पर तत्काल प्रभाव से पदस्थ किया गया है।
आदेश के अनुसार, रक्षित निरीक्षक भूपेन्द्र सिंह कुर्रे को प्रभारी यातायात पद से मुक्त कर उनके मूल कार्य रक्षित निरीक्षक के पद पर वापस भेजा गया है। वहीं निरीक्षक अंजना केरकेट्टा को प्रभारी महिला सेल के साथ-साथ थाना प्रभारी गौरेला का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इसी तरह निरीक्षक सौरभ सिंह को डीएसबी/शिकायत शाखा से स्थानांतरित कर यातायात शाखा का प्रभारी बनाया गया है, जबकि नवीन बोरकर को गौरेला थाना प्रभारी पद से हटाकर डीएसबी/शिकायत शाखा की जिम्मेदारी दी गई है।

उप निरीक्षक स्तर पर भी बदलाव किए गए हैं – रणछोर सिंह सेंगर को गौरेला थाना से स्थानांतरित कर पेण्ड्रा थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि अरविंद मिश्रा को कोटमी चौकी प्रभारी से हटाकर गौरेला थाना भेजा गया है। उप निरीक्षक अजय वारे को रक्षित केन्द्र से स्थानांतरित कर कोटमी चौकी प्रभारी नियुक्त किया गया है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस अधीक्षक को जिले में कानून व्यवस्था और आंतरिक समन्वय को लेकर कुछ इनपुट मिले थे, जिसके आधार पर यह प्रशासनिक कदम उठाया गया है। सभी अधिकारियों को नवीन पदस्थापना पर तत्काल आमद देने के निर्देश दिए गए हैं।
इस फेरबदल को जिले में पुलिसिंग को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

