15-16 अगस्त को नशे के विरुद्ध राष्ट्रव्यापी जनजागरूकता अभियान — जीपीएम जिले में स्वतंत्रता दिवस के साथ हुआ सशक्त आगाज़

गौरेला–पेंड्रा–मरवाही
केंद्रीय गृह मंत्रालय के आव्हान और पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ के निर्देश पर 15 एवं 16 अगस्त को नशे के विरुद्ध राष्ट्रव्यापी जन जागरूकता अभियान का जिला स्तर पर भव्य शुभारंभ हुआ। गुरुकुल स्टेडियम में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष, विधायक बिल्हा धरम लाल कौशिक ने जिला पुलिस के आग्रह पर मंच से उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।
अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि— “नशा एक ऐसी घातक बुराई है जो व्यक्ति के शरीर, मन और भविष्य को ही नहीं, बल्कि पूरे समाज की जड़ों को खोखला कर देती है। आज देश और प्रदेश के सामने यह चुनौती है कि हम अपने युवाओं को इस विनाशकारी आदत से बचाएँ। एक नशा-मुक्त समाज ही वास्तव में प्रगतिशील समाज होता है, जहाँ ऊर्जा और प्रतिभा का सही उपयोग विकास, शिक्षा, नवाचार और सेवा के कार्यों में होता है। जब युवा नशे से दूर रहकर अपने सपनों और राष्ट्र के निर्माण में योगदान देते हैं, तभी हम एक सशक्त, सुरक्षित और समृद्ध छत्तीसगढ़ और भारत की कल्पना साकार कर सकते हैं।”
उन्होंने युवाओं से न केवल स्वयं नशे से दूर रहने, बल्कि मित्रों, परिवार और समाज में भी नशा-मुक्ति का संदेश फैलाने का आह्वान किया।

अभियान के दौरान विधायक मरवाही प्रणव मरपच्ची, कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी, पुलिस अधीक्षक सुरजन राम भगत सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्कूली–कॉलेज के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में नशा उन्मूलन का संकल्प लिया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर थाना गौरेला स्टाफ ने थाना प्रभारी निरीक्षक अंजना केरकेट्टा के नेतृत्व में, नगर पालिका परिषद गौरेला के अध्यक्ष मुकेश दुबे के सहयोग से, क्षेत्र के कई स्थानों पर एक साथ जन जागरूकता अभियान चलाया। आमजन को मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव बताए गए और नशे से दूर रहने की प्रतिज्ञा दिलवाई गई। मिशन स्कूल में विद्यार्थियों को नशा-मुक्ति की शपथ दिलाई गई।
थाना प्रभारी गौरेला ने जिला चिकित्सालय में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामेश्वर शर्मा के साथ, तथा रेलवे स्टेशन में RPF के सहयोग से भी जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।


यह पूरा अभियान जिला एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ईकाई के नोडल अधिकारी ओम चंदेल (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक), एसडीओपी मरवाही दीपक मिश्रा और एसडीओपी गौरेला श्याम सिदार के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।


