श्री नामदेव फाउंडेशन बिलासपुर का सम्मान समारोह – समाज के बुजुर्गों और प्रतिभाओं का हुआ अभिनंदन ,विधायक अमर अग्रवाल ने संत नामदेव सामुदायिक भवन विस्तार हेतु विधायक निधि से राशि देने की घोषणा की

श्री नामदेव क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भास्कर राव  टोम्पे  ने आगामी 17- 18 जनवरी को राष्ट्रीय एकात्मकता विश्व सम्मेलन नागपुर के लिए सभा को आमंत्रित किया

कमल किशोर वर्मा श्री नामदेव क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष भास्कर राव टोम्पे ने की घोषणा

बिलासपुर


श्री नामदेव फाउंडेशन बिलासपुर के तत्वावधान में रविवार को समाज के वरिष्ठ जनों, प्रतिभाओं और विभूतियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक अमर अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, सभापति विनोद सोनी तथा अध्यक्षता कर रहे अखिल भारतीय नामदेव क्षत्रिय महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष भास्कर राव टोम्पे मौजूद रहे।


समारोह में फाउंडेशन द्वारा वरिष्ठ जनों, समाज की प्रतिभाओं और प्रदेशभर से आए सम्माननीय व्यक्तियों का अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने समाज की पत्रिका का भी विमोचन किया।


विधायक अमर अग्रवाल ने सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि नामदेव समाज अनुभवी और संस्कारवान लोगों के सम्मान से समाज को मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश में सामाजिक व्यवस्था लगातार सुदृढ़ हो रही है और समाज पर्यावरण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक हो रहा है। नागपुर में होने वाले नामदेव समाज के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे ऐतिहासिक बताया।

श्री अग्रवाल ने कार्यक्रम में घोषणा की कि संत नामदेव सामुदायिक भवन की दूसरी मंजिल पर सभा कक्ष निर्माण के लिए आवश्यक संपूर्ण राशि विधायक निधि से उपलब्ध कराई जाएगी।


विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि नामदेव समाज स्वच्छता और शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहा है तथा भवन निर्माण के लिए वे हमेशा प्रतिबद्ध रहेंगे। महापौर पूजा विधानी ने फाउंडेशन और पदाधिकारियों को कार्यक्रम की सफलता पर बधाई दी।


राष्ट्रीय अध्यक्ष भास्कर राव टोम्पे ने समाज की एकजुटता पर बल देते हुए कहा कि नामदेव समाज की संख्या पूरे भारतवर्ष में लगभग तीन प्रतिशत है और महाराष्ट्र में ही इसके 35 लाख से अधिक सदस्य हैं। उन्होंने समाज की एकता और संगठन को उसकी सबसे बड़ी ताकत बताया।

समारोह में समाज के पदाधिकारियों ने विधायक अमर अग्रवाल एवं महापौर पूजा विधानी को ज्ञापन सौंपकर संत नामदेव सामुदायिक भवन के द्वितीय तल निर्माण की मांग रखी। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ जनों, महिलाओं और बड़ी संख्या में समाज के प्रबुद्धजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में पार्षद श्याम साहू, विजय ताम्रकार, आंचल दुबे सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे। शिव शंकर लाल वर्मा ने संत नामदेव की पूजा-अर्चना कराई। कार्यक्रम का संचालन अनामिका राकेश वर्मा ने किया जबकि आभार प्रदर्शन एन.पी. नामदेव ने व्यक्त किया।

Akhilesh Namdeo

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *