राष्ट्रीय खेल दिवस पर तीन दिवसीय खेल उत्सव का हुआ भव्य शुभारंभ
मैराथन, कबड्डी, रस्साकसी सहित विविध खेल गतिविधियों में विधायक, कलेक्टर, जनप्रतिनिधि और छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी
जिले के राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय खिलाड़ियों व कोचों को किया गया सम्मानित

मेजर ध्यानचंद ने ओलंपिक में भारत को हॉकी में 8 स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2019 में राष्ट्रीय खेल दिवस पर फिट इंडिया मूवमेंट की शुरुआत की :- कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी



गौरेला-पेंड्रा-मरवाही

हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिले में तीन दिवसीय खेल उत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा फिजिकल कॉलेज मैदान पेंड्रा में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मरवाही विधायक  प्रणव कुमार मरपची ने मेजर ध्यानचंद के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित व माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।


खेल उत्सव के पहले दिन मैराथन, रिले रेस, कबड्डी और रस्साकसी जैसे रोमांचक खेलों का आयोजन हुआ, जिसमें विधायक श्री मरपची, कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा, उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी की।


अपने संबोधन में विधायक श्री मरपची ने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने ओलंपिक में भारत को हॉकी में 8 स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। स्वस्थ तन-मन और अनुशासित जीवन के लिए खेलों को दिनचर्या का हिस्सा बनाना जरूरी है।

वहीं कलेक्टर श्रीमती मंडावी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2019 में राष्ट्रीय खेल दिवस पर फिट इंडिया मूवमेंट की शुरुआत की थी। इसी मंशा के अनुरूप जिले में 29 से 31 अगस्त तक तीन दिवसीय खेल उत्सव का आयोजन किया जा रहा है।



आज के कार्यक्रम में राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय खिलाड़ियों व कोचों को सम्मानित किया गया। मैराथन दौड़, रिले रेस और कबड्डी प्रतियोगिताओं में युवाओं ने शानदार प्रदर्शन किया। रस्साकसी का विशेष आकर्षण रहा, जिसमें छात्राओं के साथ-साथ मीडिया और जनप्रतिनिधियों की टीमों ने भी दमखम दिखाया।



खेल उत्सव के दूसरे दिन 30 अगस्त को सद्भावना क्रिकेट मैच, वाद-विवाद प्रतियोगिता, इंडोर गेम और फिटनेस टॉक का आयोजन होगा। अंतिम दिन 31 अगस्त को साइक्लोथॉन व साइकिल रैली निकाली जाएगी।



समारोह में नगरपालिका अध्यक्ष  मुकेश दुबे, जिला पंचायत सदस्य  पवन पैकरा एवं भंवर सिंह गोवाश, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मुकेश रावटे, प्रभारी अपर कलेक्टर अमित बेक, संयुक्त कलेक्टर दिलेराम डाहिरे, एसडीएम विक्रांत अंचल, जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी, खेल अधिकारी सीमा डेविड सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कोच, खिलाड़ी, मीडिया और नगरवासी उपस्थित रहे.

Akhilesh Namdeo

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *