अरपा महोत्सव को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी, 10–11 फरवरी को बदले रहेंगे मार्ग
फिजिकल कॉलेज मैदान में बनेगी मुख्य पार्किंग, VIP-VVIP के लिए अलग व्यवस्था
स्वीमिंग पूल मार्ग रहेगा पूर्णतः प्रतिबंधित, यातायात पुलिस ने की सहयोग की अपील
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही।

अरपा महोत्सव के आयोजन को देखते हुए 10 और 11 फरवरी 2026 को जिले में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए GPM यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। महोत्सव स्थल तक पहुंचने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं, ताकि आम जनता को असुविधा न हो और कार्यक्रम व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
गौरेला की ओर से आने वाले वाहन
गौरेला से कार्यक्रम स्थल की ओर आने वाले वाहन नया बस स्टैंड पेंड्रा, आजाद चौक, दुर्गा चौक, दुर्गा सरोवर तिराहा (अमरपुर रोड), इंदिरा उद्यान तिराहा होते हुए फिजिकल कॉलेज मैदान स्थित मुख्य पार्किंग तक पहुंचेंगे।
मरवाही की ओर से आने वाले वाहन
मरवाही से आने वाले वाहनों को दनौली तिराहा, बँधी फारेस्ट बैरियर, दुर्गा मंदिर बँधी और डाइट कॉलेज मार्ग से होकर फिजिकल कॉलेज मैदान पार्किंग तक जाने की अनुमति होगी।

पेंड्रा शहर के स्थानीय वाहन
पेंड्रा शहर के वाहन चालक अपनी सुविधा अनुसार दो विकल्पों का उपयोग कर सकते हैं—पहला, दुर्गा चौक से दुर्गा सरोवर व इंदिरा उद्यान मार्ग होकर फिजिकल कॉलेज मैदान पार्किंग; दूसरा, डाइट कॉलेज मार्ग से सीधे पार्किंग स्थल तक पहुंच सकते हैं।
VIP और VVIP पार्किंग व्यवस्था
VIP वाहनों के लिए मल्टीपर्पस स्कूल मैदान के सामने सुल्तानिया जी की भूमि (पतगवा मार्ग) पर पार्किंग स्थल चिन्हित किया गया है, जहां केवल पासधारी वाहन ही पार्क होंगे।
वहीं VVIP वाहनों के लिए डाइट कॉलेज से मल्टीपर्पस मैदान की ओर जाने वाले मार्ग पर दाईं ओर स्थित गर्ल्स हॉस्टल मैदान को पार्किंग के लिए निर्धारित किया गया है।
यह मार्ग रहेगा प्रतिबंधित

सुरक्षा कारणों से स्वीमिंग पूल मार्ग (शुभ-लाभ फर्नीचर के सामने) को VVIP मार्ग घोषित करते हुए सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से निर्धारित मार्गों का पालन करने और पार्किंग व्यवस्था का उपयोग करने की अपील की है, ताकि अरपा महोत्सव का आयोजन सुचारू और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।

