ऑस्ट्रेलियन ओपन फाइनल – एक नज़र
साल के पहले टेनिस ग्रैंडस्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन का अंतिम दौर आ चुका है. कल यानी शनिवार को महिला सिंगल्स और मिक्स्ड डबल्स का फाइनल खेला जाएगा और रविवार को पुरुष सिंगल्स और पुरुषों के डबल्स मुकाबले का फाइनल होगा. ऑस्ट्रेलियन ओपन फाइनल मेलबॉर्न में खेला जाएगा.
पहले बात करते हैं, महिला वर्ग के सिंगल्स मुकाबले की. इस बार ऑस्ट्रेलियन ओपन फाइनल मुकाबले में जापान की नाओमी ओसाका का मुकाबला अमेरिकी खिलाड़ी जेनिफ़र ब्रैडी से होगा. 22वें रैंक की जेनिफ़र ब्रैडी 25वें रैंक की चेक गणराज्य की खिलाड़ी कैरोलिना मुचोवा को सेमीफइनल में 6-4, 3-6, 6-4 से हराकर पहली बार फाइनल में पहुंची है. वहीं, 10वीं रैंक की सेरेना को 6-3, 6-4 से सीधे सेट में हराकर ओसाका ने फाइनल में प्रवेश किया है. मैच के बाद ओसाका ने कहा कि शुरू में मैं नर्वस थी, लेकिन धीरे-धीरे खुद को शांत किया. सेरेना विलियम्स के ख़िलाफ़ खेलना मेरे लिए सम्मान की बात रही है.
हालांकि, ओसाका का रैंक सेरेना से बेहतर है, लेकिन सेरेना का अनुभव ओसाका से कहीं ज़्यादा है. 39 वर्षीया अमेरिकी दिग्गज खिलाड़ी सेरेना विलियम्स का अपना 24वां ग्रैंडस्लैम जीतने का सपना फिर अधूरा रह गया, वहीं ओसाका चौथी बार किसी ग्रैंडस्लैम के फाइनल में पहुंची है. पांच दिन लॉकडाउन की वजह से रोके जाने के बाद मैदान पर फिर से दर्शकों की वापसी हुई. 7 बार की ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन सेरेना विलियम्स ने मैच के बाद अपना हाथ दिल पर रखकर दर्शकों को तहे-दिल से शुक्रिया कहा.
इससे पहले 2019 में भी नाओमी ओसाका ने ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीता था. 2018 में भी ओसाका ने सेरेना को यूएस ओपन के फाइनल में सीधे सेट में हराकर खिताब जीता था. पिछले वर्ष भी यूएस ओपन का खिताब ओसाका ने ही जीता था.
अब बात करते हैं, इस बार के ग्रैंडस्लैम के फाइनल की. ओसाका पहले भी ब्रैडी के साथ खेल चुकी हैं. पिछले ही वर्ष यूएस ओपन के सेमीफाइनल मुक़ाबले में ओसाका ने ब्रैडी को हराया था. दोनों भली-भांति एक-दूसरे के खेल से वाक़िफ़ हैं. ये देखना काफी दिलचस्प होगा कि क्या पहली बार ग्रैंडस्लैम के फाइनल में पहुंची ब्रैडी ओसाका से पिछली हार का बदला ले पाएंगी या ओसाका का दबदबा इस बार भी कायम रहेगा.
दूसरी तरफ़, पुरुषों का सिंगल्स मुकाबला रविवार को होने जा रहा है. इस बार ऑस्ट्रेलियन ओपन के पुरुष वर्ग के फाइनल में वर्ल्ड नंबर 1 खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविच का मुकाबला चौथे वरीयता प्राप्त रूस के खिलाड़ी डेनियल मेदवदेव के बीच होगा.
रूसी खिलाड़ी मेदवदेव ने विश्व के पांचवें नंबर के ग्रीस के खिलाड़ी स्टेफानोस सितसिपास को 6-4, 6-2, 7-5 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया है. मैच के बाद फाइनल के बारे में मेदवदेव ने कहा कि दवाब उन पर नहीं है, अधिक दवाब नोवाक पर होगा क्योंकि वो अभी तक ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में नहीं हारे हैं.
मेदवदेव दूसरी बार किसी ग्रैंडस्लैम के फाइनल में पहुंचे हैं. 2019 के यूएस ओपन के फाइनल में वो हार गए थे. इससे पहले क्वार्टर फाइनल में ग्रीस के इस खिलाड़ी ने वर्ल्ड नंबर 2 खिलाड़ी राफेल नडाल को कड़ी मशक्कत के बाद पांच सेट में हराकर बड़ा उलटफ़ेर किया था.
वहीं, 33 वर्षीय सर्बियन खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने विश्व के 114वें नंबर के रूसी खिलाड़ी असलन करात्सेव को 6-3, 6-4, 6-2 से सीधे सेट में हराकर फाइनल में प्रवेश किया. असलन करात्सेव अपने पहले ही ग्रैंडस्लैम में सेमीफइनल में पहुंचे थे. थोड़ी बहुत मुश्किलें ज़रूर दीं इस रूसी खिलाड़ी ने, परन्तु जोकोविच के अनुभव और उम्दा खेल के सामने करात्सेव टिक नहीं पाए. हालांकि जोकोविच टूर्नामेंट के दौरान पेट की इंज्युरी से जूझ रहे थे, परन्तु रूसी खिलाड़ी के सामने उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई.
17 ग्रैंडस्लैम खिताब जीत चुके जोकोविच नौवीं बार ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में पहुंचे हैं. गौर करने वाली बात ये है कि 8 बार ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में पहुंचे जोकोविच अभी तक एक भी फाइनल मुकाबला नहीं हारे हैं. ये फाइनल मुकाबला बहुत ही रोमांचक होने की उम्मीद है.

