दादी के सपनों को नातिन ने किया साकार, रिद्धि गुप्ता बनीं महाराष्ट्र सिविल जज,गौरेला-पेंड्रा-मरवाही की बेटी ने बढ़ाया जिले का मान, सिविल जज परीक्षा में हासिल किया 20 वां रैंक
शिक्षा के संस्कारों की विरासत बनी सफलता की सीढ़ी, अधिवक्ता संघ व क्षेत्रवासियों ने दी बधाई

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही
नारी शिक्षा को सदैव प्रोत्साहित करने वाली शिक्षाविद स्वर्गीय श्रीमती सविता गुप्ता के सपनों को उनकी नातिन रिद्धि गुप्ता ने साकार कर दिखाया है। रिद्धि गुप्ता ने महाराष्ट्र सिविल जज परीक्षा में सफलता प्राप्त करते हुए 20वां रैंक हासिल किया है और अब उनका चयन सिविल जज के पद पर हुआ है। इस उपलब्धि से पूरे जिले में हर्ष का माहौल है।

गौरेला पेंड्रारोड निवासी स्वर्गीय शिव कुमार गुप्ता एवं स्वर्गीय सविता गुप्ता शिक्षा क्षेत्र से गहराई से जुड़े रहे। श्रीमती सविता गुप्ता पेंड्रा कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल में प्रधान पाठक के पद पर कार्यरत रहीं और अपने कार्यकाल में उन्होंने अनेक छात्राओं को उच्च पदों तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया। उनके द्वारा दिए गए संस्कार और शिक्षा के प्रति समर्पण का ही परिणाम है कि आज उनकी नातिन रिद्धि गुप्ता ने इस मुकाम को हासिल किया है।

रिद्धि गुप्ता, व्यवसाई सलिल गुप्ता एवं पेंड्रा रोड की महिला अध्यक्ष श्रीमती आशा गुप्ता की सुपुत्री हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के बाद विधि क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए व्यवहार न्यायालय पेंड्रा रोड में अधिवक्ता के रूप में प्रैक्टिस भी की। अपने परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने सिविल जज की परीक्षा उत्तीर्ण कर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की।

उनकी इस सफलता पर गौरेला पेंड्रा मरवाही अधिवक्ता संघ ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। वहीं क्षेत्र के बुद्धिजीवियों एवं समाज के विभिन्न वर्गों ने भी रिद्धि गुप्ता की उपलब्धि को जिले के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए बधाई दी है।
परिवार में शिक्षा और प्रतिभा की परंपरा भी स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। रिद्धि गुप्ता के चाचा अनिल गुप्ता भी अपने समय के होनहार छात्र रहे हैं और वर्तमान में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं।
रिद्धि गुप्ता की यह सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है। ऐसे प्रतिभाशाली युवा समाज का गौरव होते हैं। क्षेत्रवासियों ने रिद्धि गुप्ता एवं उनके माता-पिता को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

