पौराणिक गांव धनपुर के समन्वित विकास का कलेक्टर ने दिया आश्वासन, विकास कार्यों में आएगी तेजी
श्री आदिशक्ति मां दुर्गा देवी मंदिर पब्लिक ट्रस्ट धनपुर के पदाधिकारियों ने नवपदस्थ कलेक्टर डॉक्टर संतोष कुमार देवांगन से मुलाकात करके दी शुभकामनाएं
गौरेला पेंड्रा मरवाही
श्री आदिशक्ति मां दुर्गा देवी मंदिर पब्लिक ट्रस्ट धनपुर जिला गौरेला पेंड्रा मरवाही छत्तीसगढ़ के पदाधिकारी ने जिले के नव पदस्थ कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन से सौजन्य भेंट करके उन्हें शुभकामनाएं दी तथा श्री दुर्गा मंदिर धनपुर के विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की। कलेक्टर ने ट्रस्ट के पदाधिकारी को आश्वस्त किया है कि पौराणिक स्थल धनपुर का यथासंभव विकास किया जाएगा तथा वहां पर्यटकों एवं तीर्थ यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराई जाएगी।

18 मई को श्री आदि शक्ति मां दुर्गा देवी मंदिर धनपुर के कार्यकारी अध्यक्ष आनंद जायसवाल, वरिष्ठ सदस्य रामनिवास तिवारी, भागवत सिंह मार्को, फलपाल सिंह पूषाम, व्यवस्थापक एवं कोषाध्यक्ष सुरेश पांडे, जनसंपर्क प्रभारी अक्षय नामदेव ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर श्री आदिशक्ति मां दुर्गा देवी मंदिर पब्लिक ट्रस्ट धनपुर की ओर से कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन को गुलदस्ता भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दी। मुलाकात के दौरान ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन को धनपुर के पौराणिक एवं ऐतिहासिक महत्व की जानकारी विस्तार से दी तथा श्री दुर्गा मंदिर धनपुर के निर्माण की स्थिति सहित मंदिर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्य से अवगत कराया।
बगड़ी बांध का पानी नहर से भंवतरा तालाब में लाने से धनपुर में बढ़ेगी पर्यटन की संभावनाएं
कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन ने पदाधिकारियों को आश्वस्त किया है कि धनपुर मंदिर क्षेत्र सहित गांव का समन्वित होगा तथा आवश्यकता अनुसार विकास कार्य तथा पर्यटक सुविधाओं में वृद्धि होगी।वहां के विकास कार्यों को यथा संभव आगे बढ़ाएंगे तथा पर्यटकों की सुविधाओं में विस्तार किया जाएगा।

धनपुर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन से चर्चा के दौरान बताया कि धनपुर नवी 10 वीं शताब्दी का पौराणिक स्थान है तथा यहां पहाड़ी के नीचे विराजमान माता दुर्गा का स्थान रतनपुर के समकालीन है इसलिए यहां श्रद्धालुओं की बड़ी आस्था है तथा बड़ी संख्या में यहां श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसलिए यहां तीर्थ यात्रियों के लिए बुनियादी सुविधाएं बढ़ाने की जरूरत है इसी के साथ ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने आगे बताया कि बगड़ी बांध का पानी नहर के माध्यम से भंवतरा तालाब में लाने से धनपुर में पर्यटन की संभावनाएं बढ़ेंगी। उन्होंने बताया कि भंवतरा बांध का निर्माण कई तालाबों को मिलाकर सिंचाई के उद्देश्य से करने के लिए किया गया था ,परंतु जल भराव नहीं होने के कारण सूखा रहता है ऐसे में इस नहर के माध्यम से बगड़ी बांध का पानी लाकर जल भराव किया जा सकता है भंवतरा बांध में जल भरा होने से यहां धनपुर में पहाड़ी के हरियाली में वृद्धि होगी तथा धनपुर सहित आसपास के गांव का जलस्तर बढ़ेगा एवं सिंचाई की सुविधा ग्रामीणों को मिलेगी।

