हरेली पर्व पर कलचुरी कलार समाज ने चलाया वृक्षारोपण अभियान, गौरेला में रोपे पौधे



कलेक्टर के आह्वान पर समाज ने लिया पौधों के संरक्षण का संकल्प, पेंड्रा- मरवाही सहित पांच क्षेत्रों में भी चलेगा अभियान



गौरेला-पेंड्रा-मरवाही

हरेली पर्व के अवसर पर जिले को हराभरा बनाने के लिए चलाए जा रहे वृहद वृक्षारोपण अभियान में कलचुरी कलार समाज ने भी सहभागिता की। जिला कलेक्टर विजय दयाराम के. के आह्वान पर समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने जिला अध्यक्ष संदीप जायसवाल (मंजू) के नेतृत्व में गौरेला में पौधारोपण किया और लगाए गए पौधों की सुरक्षा एवं देखभाल का संकल्प लिया।



जिला प्रशासन द्वारा 12 अगस्त हरेली पर्व के अवसर पर जिलेभर में व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर ने विभिन्न समाजों के प्रमुखों से भी अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की थी। इसी क्रम में कलचुरी कलार समाज ने प्रथम चरण में गौरेला में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।


समाज की ओर से बताया गया कि यह अभियान केवल एक दिन के पौधारोपण तक सीमित नहीं रहेगा। इसके अगले चरण में पेंड्रा, मरवाही, नीमधा, कोटमी और झाबर में भी पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। समाज का उद्देश्य अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना है।


वृक्षारोपण कार्यक्रम में अरुणा गणेश जायसवाल, ज्योति भारत राय, डॉ. प्रवीण राय, रिंकी विवेक जायसवाल, चित्राणी संदीप जायसवाल, मोनिका विकास जायसवाल, ममता प्रदीप जायसवाल, मोनिका रवि जायसवाल, ऋतु अमित जायसवाल, प्रीति चिंटू जायसवाल, अंकिता रवि जायसवाल, सुमित्रा जायसवाल, अशोक जायसवाल, मनीष जायसवाल, चंदा जायसवाल, पिंकी जायसवाल, अंजू जायसवाल, जनपद सदस्य संजय जायसवाल एवं पूर्व पार्षद राहुल जायसवाल सहित समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।



समाज के सदस्यों ने कहा कि पेड़-पौधे पर्यावरण संतुलन के साथ आने वाली पीढ़ियों के स्वस्थ भविष्य के लिए भी जरूरी हैं। इसलिए पौधारोपण के साथ उनकी सुरक्षा और नियमित देखभाल भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। कलचुरी कलार समाज ने जिले के लोगों से भी अधिक से अधिक संख्या में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान से जुड़ने की अपील की।

Akhilesh Namdeo

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *