जिला कार्यालय में कलेक्टर विजय दयाराम के. ने किया ध्वजारोहण, अधिकारियों-कर्मचारियों को दी शुभकामनाएं
जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय और जिला पंचायत में भी फहराया गया राष्ट्रीय ध्वज
प्रेस क्लब, विद्यालयों और विभिन्न संस्थानों में हुए देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही

15 अगस्त 2026 देश की आजादी की 80वीं वर्षगांठ जिलेभर में उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाई गई। जिला मुख्यालय से लेकर विभिन्न शासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों के कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को याद करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।

जिला कार्यालय में कलेक्टर ने किया ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्टर विजय दयाराम के. ने जिला कार्यालय (कलेक्ट्रेट) में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना कर नमन किया। कलेक्टर ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर दिलेराम डाहिरे, डिप्टी कलेक्टर देवेन्द्र सिरमौर, डिप्टी कलेक्टर आकांक्षा पाण्डेय, जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी सहित कलेक्ट्रेट एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय और जिला पंचायत में भी हुआ ध्वजारोहण
जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और नागरिकों की सेवा के प्रति अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने का संदेश दिया।

इसी क्रम में जिला पंचायत कार्यालय में मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान जिला पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे और सभी ने राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुरूप देशभक्ति की भावना के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया।

जिला पत्रकार संगठन एवं माधव सप्रे प्रेस क्लब भवन में राकेश जालान ने फहराया तिरंगा
जिला पत्रकार संगठन एवं सह-वाचनालय, माधव सप्रे प्रेस क्लब भवन, मंडी रोड, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। यहां नगर पालिका अध्यक्ष राकेश जालान ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान के माध्यम से राष्ट्र के प्रति सम्मान व्यक्त किया।


कार्यक्रम में वाचनालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस की खुशी साझा की। इस अवसर पर पत्रकारों ने आजादी की 80वीं वर्षगांठ के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए स्वतंत्रता आंदोलन के बलिदानों को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती, सामाजिक एकता और राष्ट्रहित के मुद्दों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है।

भारत माता पब्लिक स्कूल में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
भारत माता पब्लिक स्कूल में स्कूल संचालक आशीष रमेश केशरी ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों, शिक्षकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को देश के प्रति जिम्मेदारी और कर्तव्य का संदेश दिया गया।

सरस्वती शिशु मंदिर पेंड्रा में रितेश फरमानिया ने किया ध्वजारोहण, आचार्यों का सम्मान
सरस्वती शिशु मंदिर पेंड्रा में पेंड्रा के प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं भाजपा नेता रितेश फरमानिया ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दीं और स्वतंत्रता दिवस की महत्ता पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान रितेश फरमानिया ने विद्यालय में अध्यापन कार्य करने वाले आचार्यों का श्रीफल एवं शाल भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में शिक्षा और संस्कार की महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यार्थियों को देश के प्रति समर्पण, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।

जिलेभर में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोहों ने नागरिकों में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को और मजबूत किया। विभिन्न स्थानों पर तिरंगा शान से लहराया और भारत माता के जयघोष से वातावरण देशभक्ति से सराबोर रहा।

