राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के समापन पूर्व ‘न्योता भोज’ में जुटे पांच संभागों के खिलाड़ी
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा आयोजन, खिलाड़ियों ने बांधा समां
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने खिलाड़ियों को दी विदाई, कलेक्टर ने कहा—अच्छी यादें साथ लेकर जाएं

गौरेला पेंड्रा मरवाही GPM
26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026-27 के आयोजन के तहत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में चार दिनों से चल रही प्रतियोगिता के समापन पूर्व बुधवार शाम खिलाड़ियों, ऑफिशियल्स, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए ‘न्योता भोज’ का आयोजन किया गया। असेम्बली हॉल मल्टीपरपज, हाई स्कूल पेंड्रा में आयोजित इस आत्मीय कार्यक्रम में प्रदेश के पांच संभागों से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों ने तालियों की गूंज के बीच मंच पर अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बस्तर से लेकर बिलासपुर सहित पांचों संभागों के खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी संस्कृति और क्षेत्रीय पहचान के अनुरूप आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बना। राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का विधिवत समापन कार्यक्रम आज अलग से आयोजित किया जाएगा।

‘आप यहां की अच्छी यादें अपने साथ लेकर जाएं’—समीरा पैकरा
जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खिलाड़ियों के बीच आकर उन्हें अपने खेल के दिनों की यादें ताजा हो गईं। उन्होंने कहा कि चार दिनों की यह खेल यात्रा देखते ही देखते समाप्त हो गई और अब यह सभी की यादों का हिस्सा बन गई है। उन्होंने खिलाड़ियों से अपील की कि वे गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में बिताए समय की अच्छी यादों को संजोकर अपने साथ लेकर जाएं और यहां के अनुभवों को याद रखें।

खिलाड़ियों ने शांतिपूर्वक स्वीकार किया आतिथ्य—उपेंद्र बहादुर
जिला पंचायत उपाध्यक्ष उपेंद्र बहादुर ने सभी खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि सभी खिलाड़ियों ने पूरे अनुशासन और शांतिपूर्वक जिले के आतिथ्य को स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के बीच रहकर उन्हें बेहद खुशी हुई और जिस आत्मीयता के साथ खिलाड़ियों ने पूरे आयोजन में सहभागिता निभाई, वह सराहनीय है।

आने वाली पीढ़ी आपको याद करे—राकेश जालान
नगर पालिका अध्यक्ष राकेश जालान ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में ऐसा कार्य करना चाहिए, जिससे आने वाली पीढ़ियां उसे याद करें। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों, जिला प्रशासन, जिला शिक्षा विभाग और आयोजन मंडल के प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष सहयोग से इतना बड़ा आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका है।

उन्होंने कहा कि ‘न्योता भोज’ का उद्देश्य प्रदेशभर से आए सभी प्रतिभागियों को एक मंच पर लाकर आत्मीयता के साथ जोड़ना है। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि वे यहां से ऐसी अच्छी छाप लेकर जाएं कि जब भी उन्हें दोबारा आने का अवसर मिले तो गौरेला-पेंड्रा-मरवाही आने की इच्छा स्वयं जाग उठे।

जिले की संस्कृति और हरियाली की खुशबू साथ लेकर जाएं खिलाड़ी— कलेक्टर विजय दयाराम के
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने खिलाड़ियों एवं ऑफिशियल्स को संबोधित करते हुए कहा कि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही भले ही अपेक्षाकृत नया जिला है, लेकिन इसकी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत बेहद समृद्ध है। उन्होंने कहा कि जिले का ऐतिहासिक परिदृश्य बहुत पुराना है और छत्तीसगढ़ के अनेक बड़े नाम एवं महत्वपूर्ण इतिहास इस क्षेत्र से जुड़े हुए हैं।
उन्होंने पांचों संभागों से आए खिलाड़ियों से कहा कि चार दिनों के इस आयोजन के दौरान यदि कहीं कोई कमी रह गई हो तो उसे नजरअंदाज करते हुए जिले की अच्छी यादों को अपने साथ लेकर जाएं। उन्होंने कहा कि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही की हरियाली, प्राकृतिक वातावरण, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत की खुशबू प्रदेशभर में पहुंचनी चाहिए।
कलेक्टर ने कहा कि जिला लगातार छोटे-छोटे कदमों के साथ विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से अपील की कि वे इस जिले की सुंदरता और आत्मीयता को अपनी यादों में संजोकर रखें। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं में जीत और हार होती रहती है। जीतने वाले खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी इस बार जीत हासिल नहीं कर सके, वे निराश न हों और आने वाले समय में बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल करने के लिए अभी से तैयारी करें।

भारी बारिश के बीच खिलाड़ियों ने निभाई सहभागिता—डीईओ रजनीश तिवारी
जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने सभी खिलाड़ियों एवं ऑफिशियल्स का स्वागत करते हुए कहा कि चार दिनों तक भारी बारिश के बावजूद खिलाड़ियों ने पूरे सहयोग, अनुशासन और उत्साह के साथ प्रतियोगिता में सहभागिता निभाई। उन्होंने कहा कि आज विदाई की बेला है और इतने दिनों तक साथ रहे खिलाड़ियों को विदा करते समय मन भारी होना स्वाभाविक है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

सामूहिक तस्वीरों में कैद हुईं यादें
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर विजय दयाराम के. सहित जिले के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और खिलाड़ियों ने पांचों संभागों के प्रतिभागियों के साथ सामूहिक फोटो खिंचवाकर आयोजन की यादों को कैमरे में कैद किया। इसके बाद हायर सेकेंडरी स्कूल पेंड्रा में विभिन्न संभागों से आए खिलाड़ियों एवं ऑफिशियल्स के लिए ‘न्योता भोज’ का आयोजन किया गया।
इस दौरान जिला प्रशासन, जिला शिक्षा विभाग, जनप्रतिनिधियों, अनुभाग स्तर के अधिकारियों, जिला पंचायत के अधिकारियों तथा विभिन्न संभागों से आए ऑफिशियल्स ने खिलाड़ियों के साथ भोजन किया और उनसे आत्मीय संवाद किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा,सीईओ मुकेश राउटे , एसडीएम अमित बेग, डिप्टी कलेक्टर दिली राम दाहिरे, देवेंद्र सिरमौर सहित जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और आयोजन से जुड़े सदस्य उपस्थित रहे।

चार दिनों तक चले इस राज्य स्तरीय आयोजन में प्रदेश के विभिन्न संभागों से आए खिलाड़ियों ने खेल प्रतिभा के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक विविधता का भी परिचय दिया। न्योता भोज के इस आयोजन ने खिलाड़ियों और आयोजकों के बीच आत्मीयता को और मजबूत किया। राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का औपचारिक समापन कार्यक्रम आज आयोजित किया जाएगा।

