डॉ रेणु जोगी फिर एक बार होगी कोटा विधानसभा क्षेत्र से छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस जे की प्रत्याशी
कांग्रेस के अटल श्रीवास्तव एवं भाजपा के प्रबल प्रताप सिंह जूदेव से होगा डॉक्टर रेणु जोगी का मुकाबला
अखिलेश नामदेव छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 (कोटा विधानसभा क्षेत्र चुनाव डेस्क)

छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जे) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कोटा विधानसभा क्षेत्र की वर्तमान विधायक डॉ रेणु जोगी एक बार फिर कोटा विधानसभा क्षेत्र से विधायक की प्रत्याशी होगी। डॉ रेणु जोगी का मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी अटल श्रीवास्तव एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी प्रबल प्रताप सिंह जूदेव से होगा। जहां एक और अटल श्रीवास्तव छत्तीसगढ़ सरकार में पर्यटन मंडल के अध्यक्ष है वही भाजपा के प्रबल प्रताप सिंह जूदेव अपनी हिंदू आदि छवि के साथ चुनाव मैदान में है ,ऐसे में माना जा रहा है कि इस बार कोटा विधानसभा क्षेत्र का त्रिकोणीय मुकाबला दिलचस्प होगा।



आखिरकार छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस जोगी पार्टी ने कोटा विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 25 से अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। कोटा सीट पर छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस जे की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ रेणु जोगी वर्तमान विधायक कोटा स्वयं एक बार फिर कोटा क्षेत्र से चुनावी मैदान में होगी। माना जा रहा है कि डॉक्टर रेणू जोगी का कोटा क्षेत्र से चुनाव लड़ने का फैसला देर सबेर सोच समझ कर लिया गया है। डॉ रेणु जोगी कोटा विधानसभा क्षेत्र की विधायक पहली बार वर्ष 2006 में कांग्रेस की टिकट से बनी थी। कोटा सीट पर उसे समय पंडित राजेंद्र प्रसाद शुक्ला विधायक हुआ करते थे, उनके निधन पश्चात रिक्त हुई कोटा सीट पर डॉक्टर रेणु जोगी पहली बार विधायक बनी थी। बाद में वर्ष 2008 एवं वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में भी डॉक्टर रेणु जोगी कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में कोटा क्षेत्र से विधायक चुनी गई थी।

2006 के विधानसभा उपचुनाव में उन्होंने भाजपा के मूलचंद खंडेलवाल 2008 के विधानसभा चुनाव में काशी साहू एवं 2013 के विधानसभा चुनाव में डॉ रेणु जोगी ने लखन साहू को पराजित किया था। वर्ष 2016 में पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी द्वारा कांग्रेस से अलग होकर छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस जे का गठन करने के बाद वर्ष 2018 में हुए विधानसभा के आम चुनाव में उन्होंने छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस की ओर से कोटा क्षेत्र का चुनाव लड़ा था और विजयी घोषित हुई थी। इस चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के विभोर सिंह को बुरी तरह पराजित किया था। अब एक बार फिर डॉक्टर रेणु जोगी कोटा विधानसभा क्षेत्र से अपनी पार्टी छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस से चुनाव मैदान में कूद कर कोटा विधानसभा क्षेत्र के चुनाव को त्रिकोणीय एवं दिलचस्प बना दिया है।
