गौरेला नगर पालिका चुनाव: कांग्रेस प्रत्याशी अशोक शर्मा का प्रचार पोस्टर फाड़ा, प्रशासन से की कार्रवाई की मांग,अशोक शर्मा ने जताई गहरी नाराजगी

निकाय चुनाव गौरेला पेंड्रा मरवाही
गौरेला। नगर पालिका चुनाव के बीच गौरेला गांधी चौक पर लगे कांग्रेस प्रत्याशी अशोक शर्मा के प्रचार पोस्टर को अज्ञात असामाजिक तत्वों ने ब्लेड से काटकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना के बाद शहर में चुनावी माहौल संवेदनशील हो गया है।
अशोक शर्मा ने जताई गहरी नाराजगी
कांग्रेस प्रत्याशी अशोक शर्मा ने इसे दुर्भावनापूर्ण कृत्य करार देते हुए कहा कि कुछ असामाजिक तत्व चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो कोई अप्रिय घटना भी हो सकती है।

प्रशासन से कार्रवाई की मांग
अशोक शर्मा ने गौरेला थाने एवं जिला निर्वाचन आयोग से इस घटना की शिकायत कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा,
“अब तक चुनाव शांतिपूर्ण था, लेकिन अब माहौल बिगाड़ने की साजिश हो रही है। प्रशासन तत्काल इस मामले में हस्तक्षेप करे और दोषियों को सजा दिलाए, ताकि चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।”

चुनावी माहौल हुआ संवेदनशील
इस घटना के बाद नगर में चुनावी माहौल गरमाने लगा है। कांग्रेस समर्थकों में रोष व्याप्त है, वहीं प्रशासन के लिए भी यह एक बड़ी चुनौती बन गया है।
