जिला जीपीएम में कल्चुरी कलार समाज का गठन, संदीप जायसवाल ‘मंजू’ बने सर्वसम्मति से जिलाध्यक्ष
समाज भवन निर्माण, वृक्षारोपण और बुजुर्गों के सम्मान को प्राथमिकता, नई कार्यकारिणी ने लिया सामाजिक विकास का संकल्प

गौरेला पेंड्रा मरवाही
जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में कल्चुरी कलार समाज का गठन किया गया। इस संबंध में समाज के स्वजातीय बंधुओं की बैठक स्थानीय हरिचंदा भवन, गौरेला में आयोजित हुई। बैठक में जिले के गौरेला, पेंड्रा, मरवाही एवं अन्य क्षेत्रों से समाज के लोग शामिल हुए। इस दौरान सामाजिक एकजुटता, संगठन को मजबूत बनाने तथा समाज के विकास के लिए विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित स्वजातीय बंधुओं ने सर्वसम्मति से नगरपालिका गौरेला के पूर्व उपाध्यक्ष संदीप जायसवाल (मंजू) को कल्चुरी कलार समाज जिला जीपीएम का अध्यक्ष चुना। वहीं मरवाही के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. शिव प्रताप राय एवं पेंड्रा के डॉ. प्रवीन राय को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।

निकेश राय को सचिव, पेंड्रा राय पेट्रोल पंप के संचालक भारत कुमार राय को कोषाध्यक्ष तथा मरवाही के विनोद राय एवं पेंड्रा के अजय राय को सहसचिव चुना गया।
सदस्य के रूप में कोटमी से मुकेश जायसवाल एवं प्रदीप जायसवाल पांडे, गौरेला से मनीष जायसवाल तथा अजीत जायसवाल का चयन किया गया।
समाज भवन निर्माण और वृक्षारोपण पर विशेष जोर
नवनियुक्त अध्यक्ष संदीप जायसवाल ने समाज के सभी स्वजातीय बंधुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उसका पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता और सामाजिक विकास के लिए सभी के सहयोग से योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जल्द ही समाज के भवन निर्माण के लिए जमीन चिन्हांकित की जाएगी और इसके बाद भवन निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। इसके साथ ही जिले में समाज के प्रत्येक परिवार द्वारा वृक्षारोपण करने का निर्णय लिया गया है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ सामाजिक सहभागिता का संदेश भी दिया जा सके।
समाज की धरोहर और समाज के मार्गदर्शक वरिष्ठजनों के सम्मान के लिए विशेष सम्मान समारोह आयोजित करने की बात भी कही गई। समाज के बुजुर्गों के अनुभव और मार्गदर्शन को नई पीढ़ी के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए उनके योगदान को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया।

संरक्षक, सम्माननीय एवं आजीवन सदस्यों का मनोनयन
कार्यक्रम के दौरान समाज के संरक्षक, सम्माननीय एवं आजीवन सदस्यों का भी मनोनयन किया गया। इनमें जमुना जायसवाल, विजय राय (गौरेला), अरुणा गणेश जायसवाल (पेंड्रा), अजय जायसवाल (मेधुका), रविन्द्र राय (मरवाही), प्रकाश राय (बरगवां), विवेक जायसवाल (पेंड्रा), बृजभूषण जायसवाल (निमधा), अशोक जायसवाल (गौरेला), हुब लाल जायसवाल (नीमधा), दौलत राय (गाया), हुब लाल जायसवाल, संजय जायसवाल (जनपद सदस्य, सारबहरा गौरेला), संतोष राय (कुम्हारी) एवं पार्षद गणेश जायसवाल (पेंड्रा) को शामिल किया गया।
बैठक में समाज के सदस्यों ने संगठन को मजबूत बनाने, सामाजिक कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने तथा समाज के प्रत्येक परिवार को संगठन से जोड़ने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में निर्माण जायसवाल ने उपस्थित सभी सामाजिक बंधुओं एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। बैठक में समाज की एकता, संगठन के विस्तार और सामाजिक हित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया गया।

