रॉबिन सोनी अध्यक्ष, सन्नी सोनी सचिव और नीतेश जैन कोषाध्यक्ष बने, गौरेला-पेण्ड्रा- मरवाही सराफा संघ का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न



‘लालच हमेशा नुकसानदेह, सफलता का शॉर्टकट खतरनाक’—एसपी खिलारी ने सराफा कारोबारियों को किया सतर्क

शहर की सुरक्षा में सराफा संघ निभाएगा अहम भूमिका, खराब CCTV कैमरों को दुरुस्त कराने की एसपी की अपील पर कमल सोनी ने दी सहमति

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही

गौरेला-पेण्ड्रा सराफा संघ का शपथ ग्रहण समारोह टेम्पल ट्री, गौरेला में आयोजित किया गया। समारोह में छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी, जिला पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी, नगर पालिका परिषद पेंड्रा के अध्यक्ष राकेश जालान सहित जिलेभर के सराफा व्यवसायी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई गई।

गौरेला-पेण्ड्रा सराफा संघ की नई कार्यकारिणी में रॉबिन सोनी को अध्यक्ष, सन्नी सोनी को सचिव तथा नीतेश जैन को कोषाध्यक्ष चुना गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करने की शपथ ली। उपस्थित सराफा व्यवसायियों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत बनाने में सहयोग का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा कि व्यापार करने के तौर-तरीकों में लगातार बदलाव हो रहा है। वर्तमान परिस्थितियों में सराफा व्यवसायियों की सुरक्षा, व्यापारिक हितों और आपसी समन्वय के लिए सराफा एसोसिएशन की आवश्यकता और अधिक महसूस हुई है। संगठन का उद्देश्य प्रदेश के सराफा व्यवसायियों को एक मंच पर लाना और उनके हितों की रक्षा करना है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में संगठन को और व्यापक बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है तथा 251 तहसीलों तक सराफा एसोसिएशन की इकाइयां गठित करने का लक्ष्य रखा गया है।


कमल सोनी ने जीपीएम जिले में संगठन को और मजबूत करने की आवश्यकता बताते हुए सराफा व्यवसायियों से संगठन के साथ सक्रिय रूप से जुड़ने और आपसी समन्वय बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने व्यापार में सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि बिना उचित वेरिफिकेशन के कोई भी माल नहीं लेना चाहिए। किसी व्यक्ति अथवा माल की वैधता की जांच किए बिना लेन-देन करना भविष्य में परेशानी का कारण बन सकता है। इसलिए सभी व्यवसायी नियमों का पालन करते हुए पूरी सतर्कता और पारदर्शिता के साथ कारोबार करें।


समारोह में जिला पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी ने सराफा व्यवसायियों को संबोधित करते हुए कहा कि लालच सदैव नुकसानदेह होता है और सफलता का शॉर्टकट खतरनाक साबित हो सकता है। उन्होंने संघ के नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन की सफलता की कामना की। एसपी ने कहा कि पुलिस संवेदनशीलता के साथ काम करती है। किसी भी निर्दोष व्यक्ति को अनावश्यक रूप से कानून के दायरे में नहीं आना चाहिए। उन्होंने व्यवसायियों को सलाह दी कि किसी भी संदिग्ध अथवा अप्रिय स्थिति में स्वयं कानून हाथ में लेने के बजाय सुरक्षित माध्यमों का उपयोग करें और तत्काल पुलिस को सूचना दें।


कमल सोनी ने जिले में दो अलग-अलग सराफा एसोसिएशन होने को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सराफा व्यवसायियों को आपस में एक होकर एक संयुक्त टीम का गठन करना चाहिए, ताकि संगठन की ताकत और प्रभाव दोनों बढ़ें। उन्होंने सुझाव दिया कि गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले की तीनों तहसीलों की अलग-अलग इकाई बनाई जाए और प्रत्येक तहसील से तीन-तीन प्रतिनिधियों का चयन किया जाए। इसके बाद सभी को मिलाकर एक संयुक्त जिला संगठन बनाया जाए, जो पूरे जिले में सराफा व्यवसायियों के हित में काम करे। उन्होंने कहा कि जिले में एक ही मजबूत और एकजुट संगठन के माध्यम से कार्य करना सभी के लिए बेहतर होगा।
एसपी ने सराफा दुकानों में CCTV कैमरों की उपयोगिता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि दुकानों में ऐसे CCTV कैमरे लगाए जाने चाहिए, जो दुकान के साथ-साथ आसपास की सड़क और आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों को भी रिकॉर्ड कर सकें। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों और अपनी पहचान छिपाकर आने-जाने वाले लोगों को लेकर व्यापारियों से सावधान एवं सतर्क रहने की अपील की।


एसपी मनोज कुमार खिलारी ने प्रदेश सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी और स्थानीय सराफा संघ के पदाधिकारियों के सामने गौरेला-पेण्ड्रा के प्रमुख चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थानों पर लगे खराब CCTV कैमरों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि जिले के कई प्रमुख स्थानों पर लगे CCTV कैमरे खराब हो चुके हैं। सराफा एसोसिएशन एक सक्षम संगठन है। यदि संघ चाहे तो खराब कैमरों को चिन्हित कर उन्हें दुरुस्त कराने अथवा आवश्यकता वाले स्थानों पर नए कैमरे लगवाने में सहयोग कर सकता है।

उन्होंने कहा कि इन कैमरों का लाभ केवल पुलिस को नहीं बल्कि पूरे शहर और समाज को मिलेगा। किसी अपराध या घटना के बाद उसके अन्वेषण में CCTV फुटेज बेहद महत्वपूर्ण होती है। सार्वजनिक स्थानों पर बेहतर निगरानी व्यवस्था होने से संदिग्धों की पहचान और घटनाओं की जांच में पुलिस को काफी मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि सराफा व्यवसाय में छोटी-छोटी वस्तुओं की कीमत भी काफी अधिक होती है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना व्यापारियों के हित में भी है। सराफा संघ की ओर से इस दिशा में सहयोग किया जाता है तो यह सामाजिक सहभागिता का बेहतर उदाहरण होगा और इससे नगर को सुरक्षित बनाने में भी मदद मिलेगी।

एसपी की अपील पर छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए स्थानीय सराफा संघ के पदाधिकारियों को इस दिशा में कार्य करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि गौरेला-पेण्ड्रा क्षेत्र के सभी प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर लगे CCTV कैमरों को चिन्हित किया जाए। जो कैमरे खराब हैं, उन्हें दुरुस्त कराया जाए और जहां कैमरों की आवश्यकता है, वहां नए कैमरे लगवाने की दिशा में पहल की जाए।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद पेंड्रा के अध्यक्ष राकेश जालान ने भी सराफा व्यवसायियों को संबोधित किया। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन की मजबूती और व्यापारियों की एकजुटता को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि व्यापारिक संगठनों की सामाजिक जिम्मेदारी भी महत्वपूर्ण होती है। शहर की सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य जनहित के कार्यों में व्यापारियों की सहभागिता से प्रशासन और पुलिस को सहयोग मिलता है तथा समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।

शपथ ग्रहण समारोह में सराफा व्यवसायियों ने संगठन को मजबूत बनाने, व्यापार में पारदर्शिता बनाए रखने, सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और सामाजिक सरोकारों में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया। CCTV व्यवस्था को मजबूत करने की पहल का उपस्थित व्यवसायियों ने स्वागत किया। समारोह का समापन नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाओं तथा गौरेला-पेण्ड्रा सराफा संघ को जिले में एकजुट, सक्रिय और मजबूत संगठन के रूप में स्थापित करने के संकल्प के साथ हुआ।

कार्यक्रम में सराफा संघ के सदस्य एवं व्यवसायी राकेश जैन, पंकज सोनी, पवन सोनी, तिलक सोनी, सौरभ जैन, डब्बू सोनी, विनोद सोनी, राजूल सोनी, लक्की सोनी, आयुष सोनी, मनीष सोनी, नितीन सोनी, उदय सोनी, बृजेश सोनी, विजय सोनी, अनिल सोनी, प्रदीप सोनी, महेश सोनी, भुवन सोनी, सानू सोनी, विक्की सोनी, प्रणय सोनी, रोहित सोनी, अशोक सोनी, शिवा सोनी एवं आशु सोनी सहित बड़ी संख्या में सराफा व्यापारी उपस्थित रहे।

Akhilesh Namdeo

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *