सुशासन तिहार में आज मरवाही के निमधा पहुंचेंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, निमधा में लगाएंगे चौपाल, हेलीकॉप्टर की तकनीकी खराबी से टला था दौरा, एक दिन बाद फिर तय हुआ कार्यक्रम

मुख्यमंत्री के आगमन को तैयार जिला प्रशासन मरवाही, प्रशासन ने पूरी की तैयारियां

गौरेला पेंड्रा मरवाही

सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज मरवाही विकासखंड के निमधा गांव पहुंचेंगे, जहां वे चौपाल लगाकर आम नागरिकों से सीधे संवाद करेंगे तथा विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सुबह लगभग 11:30 बजे निमधा गांव पहुंचेगा। यहां वे ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेंगे। सुशासन तिहार के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के शामिल होने की संभावना है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री का दौरा पहले 4 जून को मरवाही विकासखंड के दूरस्थ ग्राम लमना में प्रस्तावित था, लेकिन हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आने के कारण उनका कार्यक्रम अंतिम समय में स्थगित हो गया था। इसके बाद बिलासपुर में आयोजित एक बैठक के दौरान कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने मुख्यमंत्री को बताया कि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के नागरिक उनके आगमन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने तत्काल नया कार्यक्रम तय किया और एक दिन बाद मरवाही के निमधा गांव पहुंचने का निर्णय लिया।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक अमला, जनप्रतिनिधि और ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। सुरक्षा, यातायात, पेयजल, स्वास्थ्य एवं अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है।

सुशासन तिहार के इस दौरे को जिले के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि मुख्यमंत्री सीधे ग्रामीणों से संवाद कर जमीनी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त करेंगे और आवश्यक निर्देश भी देंगे।

Akhilesh Namdeo

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *