गौरेला में भाजपा के “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान” का भव्य शुभारंभ,जेपी शर्मा और लखन लाल साहू की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह

राष्ट्रवाद, अंत्योदय और संगठन शक्ति पर केंद्रित रहा भाजपा प्रशिक्षण वर्ग का प्रथम दिवस

गौरेला पेंड्रा मरवाही


भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान” अंतर्गत जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का भव्य शुभारंभ सोमवार को गौरेला स्थित हरिचंदा मंगल भवन में हुआ। प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम दिवस में भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जेपी शर्मा एवं पूर्व सांसद लखन लाल साहू की विशेष उपस्थिति ने कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार किया।
कार्यशाला में जिलेभर से आए भाजपा पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि तथा अपेक्षित वरिष्ठ कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। आयोजन स्थल पर पूरे दिन संगठनात्मक गतिविधियों और वैचारिक सत्रों का उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा। प्रशिक्षण वर्ग को पार्टी की विचारधारा, संगठन विस्तार एवं जनसंपर्क अभियान को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया गया।

प्रथम सत्र में संबोधित करते हुए जेपी शर्मा ने “हमारा इतिहास-विकास” विषय पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रसेवा और अंत्योदय के सिद्धांतों पर कार्य करने वाला संगठन है तथा भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य करता है।


उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय तथा अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महापुरुषों ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए संगठन की मजबूत नींव रखी। आज उसी विचारधारा और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत के बल पर भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति परिवारवाद, तुष्टिकरण और सत्ता केंद्रित नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद, अंत्योदय और सुशासन पर आधारित है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के “अंत्योदय” के सिद्धांत को आत्मसात करते हुए भाजपा सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने का कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने प्रशिक्षण वर्ग को संगठन की मजबूती एवं आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कार्यकर्ताओं से जनहित और संगठन हित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। पूरे आयोजन के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह और अनुशासन देखने को मिला।

Akhilesh Namdeo

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *