6 सितंबर को बिलासपुर में होगा प्रदेश स्तरीय श्री संत नामदेव अलंकरण समारोह

मेधावी छात्र-छात्राओं का होगा सम्मान10वीं-12वीं में 80% से अधिक अंक लाने वाले एवं नीट-जेईई-आईआईटी में चयनित प्रतिभाओं को मिलेगा सम्मान, राष्ट्रीय पदाधिकारी होंगे शामिल


बिलासपुर

अखिल भारतीय नामदेव क्षत्रिय महासंघ छत्तीसगढ़ इकाई एवं श्री नामदेव फाउंडेशन, बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेश स्तरीय श्री संत नामदेव अलंकरण समारोह का आयोजन आगामी 6 सितंबर को बिलासपुर में किया जाएगा। इस समारोह में वर्ष 2025-26 की 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले नामदेव समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं के साथ-साथ नीट, जेईई एवं आईआईटी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में चयनित प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।


इस संबंध में अखिल भारतीय नामदेव क्षत्रिय महासंघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष कमल किशोर वर्मा, श्री नामदेव फाउंडेशन के अध्यक्ष एन.पी. नामदेव तथा महासंघ के जिला अध्यक्ष शिवराम चौधरी ने संयुक्त रूप से समाज के सभी स्वजातीय परिवारों से अपील की है कि वे अपने प्रतिभाशाली बच्चों की अंकसूची एवं निर्धारित प्रारूप में आवश्यक जानकारी समय पर उपलब्ध कराएं, ताकि उन्हें सम्मान समारोह में शामिल किया जा सके।
आयोजन समिति ने बताया कि प्रतिभाओं के चयन के लिए एक निर्धारित फॉर्मेट जारी किया गया है, जिसमें विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों एवं व्यक्तिगत जानकारी मांगी गई है। प्रदेश के सभी जिलों में समाज के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों को इस कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी अभिभावकों से 10 अगस्त तक अंकसूची एवं बायोडाटा जमा करने का आग्रह किया गया है, जबकि 15 अगस्त तक प्रदेश स्तर पर अंतिम चयन प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
समारोह को सफल बनाने के लिए बिलासपुर, रायपुर, जगदलपुर, अंबिकापुर, कोरबा, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, महासमुंद, लोरमी, राजनांदगांव, दुर्ग, कांकेर सहित प्रदेश के सभी जिलों में प्रतिनिधियों की नियुक्ति की जा रही है। आयोजन समिति के सदस्य जल्द ही विभिन्न जिलों में जाकर प्रतिभाओं एवं उनके अभिभावकों से संपर्क करेंगे।
इस प्रदेश स्तरीय समारोह की विशेष बात यह होगी कि इसमें देशभर से नामदेव समाज के राष्ट्रीय पदाधिकारी भी शामिल होंगे। कार्यक्रम में अखिल भारतीय नामदेव क्षत्रिय महासंघ, नई दिल्ली के राष्ट्रीय अध्यक्ष भास्कर राव टोमपे, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष ज्वाला प्रसाद नामदेव, राष्ट्रीय महामंत्री एस.एस. टोनी, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजपाल रोहिल्ला, दयानंद रोहिल्ला तथा महासंघ की राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष भानुमति गुजरानिया (राजस्थान) सहित अनेक राष्ट्रीय पदाधिकारी उपस्थित रहकर मेधावी छात्र-छात्राओं एवं युवाओं को सम्मानित करेंगे।
आयोजन समिति के पदाधिकारियों कमल किशोर वर्मा, एन.पी. नामदेव, शिवकुमार वर्मा, जगन्नाथ प्रसाद नामदेव, दिनेश चंद्र श्रीवास्तव, शिवराम चौधरी, राकेश वर्मा, प्रवेश वर्मा, संतोष नामदेव, उमेश नामदेव, कैलाश वर्मा, मुकेश नामदेव, विवेक वर्मा, के.पी. नामदेव, राजकुमार चौधरी, अनिल वर्मा, गणेश नामदेव, राजेश्वर नामदेव एवं अजय नामदेव ने बताया कि समारोह को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।


उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना, उनकी उपलब्धियों का सम्मान करना तथा नई पीढ़ी को शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है। समाज के सभी परिवारों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं की जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की गई है, ताकि उनकी उपलब्धियों को पूरे समाज के सामने सम्मानपूर्वक प्रस्तुत किया जा सके।

Akhilesh Namdeo

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *