सुबह टला, रात में हुआ शपथ ग्रहण: भाजपा की किरकिरी के बाद हरकत में आया संगठन, देर शाम पांच एल्डरमैनों ने ली शपथ,एल्डरमैन शपथ ग्रहण पर दिनभर चला सियासी ड्रामा, संगठन और निर्वाचित पार्षदों के विवाद की चर्चा तेज

एल्डरमैन शपथ ग्रहण पर दिनभर चला सियासी ड्रामा, संगठन और निर्वाचित पार्षदों के विवाद की चर्चा तेज

गौरेला पेंड्रा मरवाही

पेंड्रा नगर पालिका परिषद में मनोनीत पांच एल्डरमैनों के शपथ ग्रहण को लेकर शुक्रवार को दिनभर सियासी हलचल बनी रही। सुबह 11 बजे निर्धारित कार्यक्रम अचानक टल जाने से भाजपा संगठन सवालों के घेरे में आ गया। पूरे घटनाक्रम पर किरकिरी होने के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष सक्रिय हुए और देर शाम प्रशासनिक अधिकारियों के सहयोग से सादे समारोह में सभी एल्डरमैनों को शपथ दिलाकर विवाद को समाप्त करने का प्रयास किया गया।


पेंड्रा नगर पालिका परिषद के लिए शासन द्वारा मनोनीत पांच एल्डरमैनों के शपथ ग्रहण को लेकर शुक्रवार को दिनभर असमंजस की स्थिति बनी रही। पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार 24 जुलाई को सुबह 11 बजे शपथ ग्रहण होना था। इसके लिए आमंत्रण पत्र जारी किए गए थे और सूचना भी प्रसारित कर दी गई थी। निर्धारित समय पर पेंड्रारोड एसडीएम, नगर पालिका परिषद के सीएमओ, नगर पालिका अध्यक्ष सहित अन्य आमंत्रित लोग भी पहुंच गए, लेकिन अंतिम समय में कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया।

कार्यक्रम टलने के बाद भाजपा संगठन की जमकर किरकिरी हुई और पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष ने तत्काल प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क कर उसी दिन शपथ ग्रहण कराने का आग्रह किया। इसके बाद देर शाम लगभग 8 बजे सभी मनोनीत एल्डरमैनों को पुनः नगर पालिका परिषद बुलाया गया और सादे समारोह में उन्हें शपथ दिलाई गई।

देर शाम आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष, पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत उपाध्यक्ष, पेंड्रा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष तथा पेंड्रारोड एसडीएम की उपस्थिति में शपथ ग्रहण की औपचारिकता पूरी की गई। हालांकि, सुबह के निर्धारित कार्यक्रम में मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची के शामिल होने की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन देर शाम आयोजित समारोह में वे उपस्थित नहीं रहे।

जिला भाजपा अध्यक्ष GPM

राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना विवाद

राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, पूरे विवाद की वजह भाजपा संगठन के कुछ पदाधिकारियों और निर्वाचित भाजपा पार्षदों के बीच कार्यक्रम के आयोजन एवं विधिवत आमंत्रण को लेकर बनी नाराजगी बताई जा रही है। चर्चा है कि संगठन के कुछ पदाधिकारियों को कार्यक्रम तय करने और आमंत्रण देने की प्रक्रिया में संगठन की औपचारिक भूमिका नहीं निभाई गई, जिसके कारण कुछ निर्वाचित एवं मनोनीत सदस्यों को के बीच नाराजगी देखी गई। इसी नाराजगी के चलते पहले से तय कार्यक्रम को अंतिम समय में टाल दिया गया।

हालांकि, दिनभर चले घटनाक्रम के बाद जब मामले ने राजनीतिक रूप ले लिया और संगठन की छवि पर सवाल उठने लगे, तब भाजपा नेतृत्व ने तत्काल पहल करते हुए प्रशासन के सहयोग से देर शाम शपथ ग्रहण सम्पन्न कराया और पूरे विवाद का पटाक्षेप करने का प्रयास किया।

Akhilesh Namdeo

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *