रफी–किशोर की यादें’ कार्यक्रम मंगलवार, महान गायकों को गीतों से दी जाएगी संगीतमय श्रद्धांजलि,जीपीएम के उभरते कलाकारों को मिलेगा मंच, शाम 4 बजे मल्टी पर्पस स्कूल पेंड्रा में होगा आयोजन,
जिले की नई प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का प्रयास, बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही
जिला संगीत एवं कला संरक्षण मंच, जीपीएम के तत्वावधान में आज ‘रफी–किशोर की यादें’ संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम महान पार्श्वगायक स्वर्गीय मोहम्मद रफी की 46वीं पुण्यतिथि तथा महान गायक स्वर्गीय किशोर कुमार की जयंती के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में दोनों महान कलाकारों को उनके अमर गीतों के माध्यम से संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

कार्यक्रम का आयोजन पेंड्रा स्थित मल्टी पर्पस स्कूल के असेंबली हॉल में शाम 4 बजे से होगा। इसमें गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के प्रतिभावान गायक-गायिकाओं के साथ-साथ आसपास के जिलों से भी कई कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कलाकार मोहम्मद रफी और किशोर कुमार के सदाबहार गीतों को अपनी मधुर आवाज में प्रस्तुत कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।

जिला संगीत एवं कला संरक्षण मंच द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। मंच के सदस्यों और पदाधिकारियों ने आयोजन को भव्य एवं यादगार बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।
जिला संगीत एवं कला संरक्षण मंच के अध्यक्ष निर्माण जायसवाल ने बताया कि मंच का उद्देश्य केवल महान कलाकारों की जयंती और पुण्यतिथि मनाना ही नहीं, बल्कि जिले की छिपी हुई गायन प्रतिभाओं को एक बेहतर मंच उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई आवाजों को पहचान मिलती है और जिले की प्रतिभाएं प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकती हैं।

उन्होंने जिले के संगीत प्रेमियों एवं क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर उभरते हुए कलाकारों का उत्साहवर्धन करें और इस संगीतमय आयोजन को सफल बनाएं।

