जिला सराफा एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन, विवेक सोनी बने अध्यक्ष

एसपी मनोज कुमार खिलारी ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ, व्यापारियों को सुरक्षा का दिलाया भरोसा


कोटमी सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी को दी श्रद्धांजलि, पत्रकारों और वरिष्ठ व्यापारियों का हुआ सम्मान

गौरेला पेंड्रा मरवाही

जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही सराफा एसोसिएशन की नई जिला कार्यकारिणी का गठन शनिवार को गौरेला स्थित टेंपल ट्री होटल में सर्वसम्मति से किया गया। जिले भर से पहुंचे सराफा व्यापारी, हाट-बाजार के व्यापारी एवं सराफा कारीगरों की मौजूदगी में संगठन के नए पदाधिकारियों का चयन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

विवेक सोनी अध्यक्ष जिला सराफा एसोसिएशन GPM

        अनिल सोनी जिला सचिव

सर्वसम्मति से गठित नई कार्यकारिणी में विवेक सोनी (गौरेला) को जिला अध्यक्ष, रवि सोनी (पेंड्रा) को उपाध्यक्ष, अनिल सोनी (पेंड्रा) को जिला सचिव, संजय सोनी (पेंड्रा) को कोषाध्यक्ष, मदन सोनी (पेंड्रा) को जिला महामंत्री तथा सुरेश सोनी (सिवनी) को जिला संयोजक चुना गया।

अनिल सोनी जिला सचिव
मदन सोनी महामंत्री
संजय सोनी कोषाध्य

संरक्षक मंडल में प्रकाश सोनी, अमित सोनी (गौरेला), आनंद सोनी (अमरपुर), उमेश सोनी तथा चंदन सोनी (पेंड्रा) को शामिल किया गया।

मरवाही इकाई का भी गठन किया गया, जिसमें विष्णु सराफ को उपाध्यक्ष, विनोद सोनी को हाट-बाजार प्रमुख, गोविंद सोनी को जिला सह सचिव, जुगल प्रसाद सोनी को जिला सह-कोषाध्यक्ष तथा जितेंद्र सोनी को जिला मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान अजमीढ़ देव की पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ हुआ। इसके बाद हाल ही में कोटमी साप्ताहिक बाजार में हुई लूट एवं हत्या की घटना में दिवंगत सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी को श्रद्धांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा गया। इस दुखद घटना को याद करते हुए व्यापारियों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत करने की मांग भी उठाई।


इस अवसर पर सराफा व्यवसाय में लंबे समय से योगदान देने वाले वरिष्ठजनों विजय कुमार सोनी, द्वारिका प्रसाद सोनी, राजकुमार सोनी, भोला प्रसाद सोनी, भगवत प्रसाद सोनी, राममिलन सोनी, रामलखन सोनी, राम बिहारी सोनी एवं कैलाश सोनी का श्रीफल एवं शाल भेंटकर सम्मान किया गया।

मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस प्रशासन सदैव सराफा व्यापारियों के साथ खड़ा है। उन्होंने कोटमी की घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुलिस पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने व्यापारियों से सुरक्षा संबंधी सुझाव साझा करने और पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने की अपील की।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा ने व्यापारियों से संगठित होकर नियमों के अनुरूप व्यापार करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

कार्यक्रम में हालिया लूट एवं हत्या की घटना के दौरान सक्रिय भूमिका निभाने वाले जिले के पत्रकारों का भी सम्मान किया गया। सराफा एसोसिएशन ने कहा कि मीडिया ने घटना को प्रमुखता से उठाकर व्यापारियों की आवाज प्रशासन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके लिए संगठन उनकी सराहना करता है।

कार्यक्रम के समापन पर टेंपल ट्री होटल से नवनिर्वाचित पदाधिकारियों की भव्य रैली निकाली गई। रैली का विभिन्न स्थानों पर व्यापारियों एवं नागरिकों ने स्वागत किया।

नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष विवेक सोनी ने सभी व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जिले के सभी सराफा व्यापारियों को एकजुट कर संगठन को और मजबूत बनाया जाएगा तथा उनकी समस्याओं के समाधान और सुरक्षा संबंधी मुद्दों को प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में सराफा व्यापारी, हाट-बाजार व्यापारी, कारीगर एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Akhilesh Namdeo

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *